home page

मतदान केंद्र पर आलेख्य सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का जांचे नाम : जिलाधिकारी

 | 
मतदान केंद्र पर आलेख्य सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का जांचे नाम : जिलाधिकारी


महोबा, 21 नवंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा में जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यों का जायजा लिया। जनपद में 21 और 22 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने पात्र मतदाताओं से मतदान केंद्र पहुंचकर अपना और परिवार का नाम जांचने की अपील की भी है।

जनपद मुख्यालय स्थित वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने बीएलओ और अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस पर सभी बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने मतदान केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर लोगों को आलेख्य निर्वाचक नामावली की जानकारी दें और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने, संशोधन और अपात्र नाम हटाने का कार्य समयबद्ध तरीके से किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आलेख्य सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। जो नागरिक 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष पूरे कर रहे हैं और उनका नाम सूची में नहीं है, वे फार्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं। नाम हटाने या आपत्ति के लिए फार्म-7 और नाम, पता, आयु, फोटो में बदलाव के लिए फार्म-8 भरना होगा।

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां

उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल, 2027, 01 जुलाई, 2027 और 01 अक्टूबर, 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले भावी मतदाताओं के अग्रिम आवेदन भी लिए जाएंगे। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर, 2026 तक प्राप्त की जाएंगी।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर आलेख्य सूची और पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 और 8 उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी