home page

जौनपुर में त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में अनियंत्रित कार से पांच लोग घायल, दो जिला अस्पताल रेफर

 | 

जौनपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नई स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और राहगीरों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर में काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद राजभर (32) निवासी कोड़री तथा प्रमोद कुमार (32) निवासी गढ़ कोड़री की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों में विशाल मिश्रा (26) निवासी बराई, आयुष (21) निवासी बराई तथा अंजलि पटेल (14) निवासी करिखियाव, फूलपुर वाराणसी शामिल हैं।

सीएचसी रेहटी के फार्मासिस्ट आशुतोष सिंह ने बताया कि कुल सात लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मौके से गाड़ी को क्रेन द्वारा थाने पर लाकर जब्त किया गया है। कार चालक आदित्य विश्वकर्मा पुत्र आनंद विश्वकर्मा को भी हिरासत में लिया गया है। आदित्य हाल ही में नयी कार खरीद कर लाया है और मंदिर दर्शन करने आया था, उसी समय यह घटना हो गयी। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव