home page

कृत्रिम मेधा के साथ नैतिक मूल्यों और सुरक्षा के मुद्दों पर विचार जरूरी : प्रोफेसर सुमन मिश्रा

 | 
कृत्रिम मेधा के साथ नैतिक मूल्यों और सुरक्षा के मुद्दों पर विचार जरूरी : प्रोफेसर सुमन मिश्रा


- लखनऊ विश्वविद्यालय में कृत्रिम मेधा पर व्याख्यान का आयोजन

लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में कृत्रिम मेधा पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता प्रोफेसर सुमन कुमार मिश्रा ने कृत्रिम मेधा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि कृत्रिम मेधा कैसे काम करता है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में हिंदी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के अध्यक्ष प्रो पवन अग्रवाल ने मुख्य वक्ता, शिक्षकों और उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के विषय का महत्व बताया।

मुख्य वक्ता ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष सुमन कुमार मिश्रा ने कृत्रिम मेधा के अनुप्रयोग और भविष्य में इसके संभावित विकास के बारे में जानकारी साझा की। विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने बताया कि कैसे कृत्रिम मेधा विभिन्न क्षेत्रों जैसे चिकित्सा, शिक्षा और उद्योग में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती है। प्रो मिश्रा ने यह भी बताया कि कृत्रिम मेधा के साथ नैतिक मूल्यों और सुरक्षा के मुद्दों पर विचार करना आवश्यक है। उन्होंने तकनीकी विकास के साथ- साथ व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शोधार्थियों की एक बड़ी संख्या उपस्थित थी, जिन्होंने इस विषय पर गहरे ज्ञान और जानकारी प्राप्त की। व्याख्यान के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों ने प्रो मिश्रा से विभिन्न प्रश्न पूछे और उनके अनुभवों का लाभ उठाया। कृत्रिम मेधा के विकास और इसके समाज पर प्रभाव को समझने के लिए यह व्याख्यान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा ।

कार्यक्रम के समापन में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो वाई पी सिंह ने प्रो सुमन कुमार मिश्रा और सभी उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो हिमांशु सेन ने किया। इस प्रकार कृत्रिम मेधा पर यह व्याख्यान न केवल ज्ञानवर्धक था, बल्कि इसने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह