home page

लखनऊ के आरएमएल अस्पताल के बाहर सड़क पर पड़ी महिला ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस ने बताया बेबुनियाद

 | 
लखनऊ के आरएमएल अस्पताल के बाहर सड़क पर पड़ी महिला ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस ने बताया बेबुनियाद


लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शुक्रवार को इलाज को आई महिला से यहां के सुरक्षाकर्मियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरएमएल अस्पताल से जुड़ी एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जहां पर एक महिला सड़क पर बेसुध हालत में पड़ी हुई थी। महिला के होश में आने के बाद बताया कि यहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उससे मारपीट की गई है। इसकी वजह से उसकी यह हालत हुई है। वहीं, इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, जो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। मामले का संज्ञान लिया गया।

विभूतिखंड थाना पुलिस ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि आरएमएल अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की ओपीडी में दो महिलाओं के बीच मारपीट की शिकायत मिली थी। यहां आकर पता चला कि बाराबंकी की रीना सिंह और एक महिला के बीच विवाद हुआ। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला रीना सिंह अस्पताल के बाहर सड़क पर जाकर स्वयं को अस्वस्थ प्रदर्शित करने लगी। किसी तरह स्थिति को संभाला गया। मामले की हकीकत जानने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों ने महिला से कोई मारपीट नहीं की है। पुलिस ने महिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक