home page

भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व बलभद्र संग निकले नगर भ्रमण पर, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा

 | 
भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व बलभद्र संग निकले नगर भ्रमण पर, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा


मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा नगर के सत्यानगंज स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से गुरुवार शाम भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ भव्य रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान का रथ खींचा, जबकि मार्ग में जगह-जगह लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की छतों से पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरे नगर में जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

राधा-कृष्ण मंदिर के मुख्य अर्चक डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सनातन परंपरा का अत्यंत पवित्र और भव्य उत्सव है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार बहन सुभद्रा की द्वारिका भ्रमण की इच्छा पूरी करने के लिए भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र के साथ उन्हें रथ पर बैठाकर नगर भ्रमण पर निकले थे। तभी से रथ यात्रा की परंपरा चली आ रही है।

रथ यात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से नई बाजार, अस्पताल मार्ग, चौक बाजार, खड़ंजा, दक्षिणी फाटक होते हुए निर्मलवा पहाड़ तक पहुंची, जहां से देर रात वापस मंदिर लौटेगी। यात्रा में सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रथ खींचकर सामाजिक समरसता व भाईचारे का संदेश दिया।

रथ खींचने से मिलता है पुण्य

मुख्य अर्चक डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने वाले श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है। यात्रा के दौरान भगवान स्वयं भक्तों के बीच पहुंचकर सभी को बिना किसी भेदभाव के दर्शन देते हैं। रथ खींचने वालों में समिति के मंत्री राजकुमार अग्रहरि, गोपाल गुप्ता, सुरेश जायसवाल, चंदलोकी, त्रिलोकी, चंदमौली त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा