home page

मीरजापुरः मेगा क्रेडिट कैंप में 43.17 करोड़ के ऋण प्रस्ताव मंजूर

 | 
मीरजापुरः मेगा क्रेडिट कैंप में 43.17 करोड़ के ऋण प्रस्ताव मंजूर


मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा जयंती पर गुरुवार को विकास भवन परिसर में मंडल स्तरीय एमएसएमई मेगा क्रेडिट कैंप और प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें मीरजापुर के साथ भदोही और सोनभद्र से करीब 1700 लोगों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत कुल 43.17 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव मंजूर और बांटने की प्रक्रिया पूरी की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने दीप जलाकर किया। कैंप में 25 स्टॉल लगाए गए थे। इन पर लोगों को स्वरोजगार और कारोबार के लिए मिलने वाले ऋण की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र से प्रशिक्षण लेने वाले दर्जी और हलवाई कारीगरों को टूलकिट दी गई।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना समेत दूसरी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण के चेक भी दिए गए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल बांटी गई।

कैंप में बैंक और विभागीय अधिकारियों ने लोगों को बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज और प्रक्रिया जरूरी है।

अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं के जरिए लोगों को अपना काम शुरू करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार पाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक, उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक समेत मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र के विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा