‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : असीम अरुण
युवा संवाद कार्यक्रम में देश और समाज के प्रति युवाओं से आगे आने की अपील
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में शनिवार को ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य एवं उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मुख्य अतिथि के रूप उपस्थित रहे। उन्हाेंने युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण, प्रशासनिक आचरण तथा नेतृत्व क्षमता के मूल मंत्र दिए।
युवाओं में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने अपने संबाेधन में कहा कि यह देश हम सबका है और किसी भी कीमत पर देश का नुकसान नहीं होने देना है। परिवार और समाज से बड़ा हमेशा देश होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि कोई भी तत्व देश के खिलाफ सोचता है या साजिश रचता है, तो युवाओं को आगे आकर उसका डटकर विरोध करना चाहिए।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि ‘टाइम मैनेजमेंट’ (समय प्रबंधन) और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण ही सफलता की कुंजी है। यदि फोकस लक्ष्य पर होगा, तो सफलता अवश्य मिलेगी।
समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही 'विकसित भारत' की वास्तविक नीव है। कोविड काल के दौरान शुरू की गई ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था ने लाखों युवाओं को नई दिशा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर से 1.5 लाख युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जोड़ने का संकल्प लिया है, ताकि देश को पारदर्शी व ऊर्जावान नेतृत्व मिल सके।
मंत्री असीम अरुण ने युवाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में जो भी काम करें, उसे पूरी परिपक्वता से करें, चुनौतियों से डरने के बजाय उनका सामना करें और निरंतर आगे बढ़ें।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

