लखनऊ में छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर किया प्रदर्शन
लखनऊ, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सर्वोदय विद्यालय मोहान के छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। जेन अल्फा के प्रदर्शन से शहर में जाम लग गया। इसमें फंसे समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रदर्शनकारी छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि विद्यालय में तकरीबन 450 विद्यार्थी हैं। पर्याप्त शिक्षक न होने की वजह से उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा खेल सामग्री की कमी है। भोजन की गुणवत्ता, साफ—सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की कमी है। इसको लेकर कई बार विद्यालय प्रबंधन को जानकारी दी गई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से आज वह सड़कों पर प्रदर्शन करने लिए उतरे थे। जेन अल्फा के प्रदर्शन के जाम में समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण फंस गये थे। इसके बाद वह कार से उतरकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

