home page

रेवाड़ी से छपरा जा रही बस लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी, कई यात्री घायल

 | 
रेवाड़ी से छपरा जा रही बस लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी, कई यात्री घायल


रेवाड़ी से छपरा जा रही बस लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी, कई यात्री घायल


लखनऊ, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में सोमवार सुबह लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वॉइंट के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गहरी खंती (खाई) में पलट गई। हादसे में कई सवारियां (यात्री) घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए केजीएमयू में भर्ती कराया गया है।

उक्त घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। घायलों का हालचाल लेने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी विशाख जी समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। हादसे बस में 53 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 22 गंभीर घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में करीब 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को ट्रामा सेंटर और आशियाना के लोकबंधु अस्तपाल भेजा गया है। जिलाधिकारी विशाख जी ने प्राथमिक जानकारी में एक यात्री के मरने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि शुरुआत जानकारी के मुताबिक आज प्रातः सात बजे सूचना प्राप्त हुई कि रेवाड़ी (राजस्थान) से छपरा (बिहार) जा रही बस (संख्या बीआर 28 पी 4332) जीरो प्वॉइंट मोहान के पास अनियंत्रित होकर पलट गई है, जिसमें लगभग 50 से अधिक यात्री सवार थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन व नेतृत्व में लखनऊ अग्नि एवं आपात सेवा की टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के साथ फायर स्टेशन आलमबाग से 01 फायर टेंडर, सरोजनी नगर से रेस्क्यू व्हीकल एवं हज़रतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया। टीमों ने अदम्य साहस और अत्याधुनिक उपकरणों का प्रभावी उपयोग करते हुए बस के भीतर अत्यंत गंभीर स्थिति में फंसे 15 से 16 यात्रियों (जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था) को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी इकाइयों के बेहतर समन्वय से मात्र 35 मिनट के भीतर रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया।

गंभीर रूप से चोटिल यात्रियों एवं बच्चे को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। घटना में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक