home page

अमीर-उद-दौला पब्लिक लाइब्रेरी ने राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया

 | 
अमीर-उद-दौला पब्लिक लाइब्रेरी ने राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया


अमीर-उद-दौला पब्लिक लाइब्रेरी ने राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया


लखनऊ, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ जनपद में अमीर-उद-दौला पब्लिक लाइब्रेरी में बुधवार को राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया गया। यह दिन भारत में लाइब्रेरी साइंस के जनक पद्मश्री प्रो. एस. आर. रंगनाथन की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाया गया। इस अवसर पर साइलेन्ट रीडिंग सेशन पुस्तकालय के लॉन में आयोजित किया गया।

जनसामान्य के मध्य पढ़ने की आदत बढ़ाने के लिए प्रत्येक रविवार को पुस्तकालय परिसर के लॉन में साइलेन्ट रीडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा। पुस्तकालय के द बुकमार्क कैफेटेरिया में हिन्दी, अंग्रेजी के उपन्यास, कहानी और साहित्य की किताबें उपलब्ध हैं। पाठक अपनी पुस्तक या पत्रिका भी ला सकते हैं। आज के रीडिंग सेशन में किरन यादव सेवानिवृत्त आईपीएस उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत उनके द्वारा डॉ एस. आर. रंगनाथन के चित्र पर माल्यार्पण करके की गयी।

इस अवसर पर अमीर-उद-दौला पब्लिक लाइब्रेरी की लाइब्रेरियन सुप्रिया शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि, पाठकों की आजकल डिजिटल स्टडी में रुचि बढ़ गई है। साइलेन्ट रीडिंग सेशन से पाठकों में पुस्तकों को पढ़ने के प्रति रुझान बढ़ेगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुप्रिया शर्मा, डॉ. गौरव कुमार जायसवाल, रमेश चंद्र, हरीशचन्द्र, रामकरन, तृतीय श्रेणी के कर्मचारी, एमटीएस स्टाफ, लाइब्रेरी के सदस्य, छात्र एवं आगंतुक शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा