खेत में मेड़ बांध रहे युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत
- इलाज के लिए अस्पताल ले गए परिजन, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में मंगलवार सुबह खेत में मेड़ बांध रहे एक युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मानिकपुर निवासी रोहित चौहान (22) पुत्र मुरारी चौहान सुबह अपने खेत में मेड़ बांध रहे थे। इसी दौरान रिमझिम बारिश के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि रोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। घटना के समय उनके पास मोबाइल फोन भी था। हालांकि मोबाइल के कारण बिजली गिरने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसका कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं है।
थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

