home page

काशी अभिमान’ टमाटर संकर के लिए हुआ लाइसेंस समझौता

 | 
काशी अभिमान’ टमाटर संकर के लिए हुआ लाइसेंस समझौता


मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित उन्नत टमाटर संकर ‘काशी अभिमान’ के अनुसंधान, उत्पादन और विपणन अधिकारों के लिए गुरुवार को रियल एग्री क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड, नागपुर के साथ लाइसेंस समझौता किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों पक्षों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कंपनी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘काशी अभिमान’ टमाटर संकर किसानों और बीज कंपनियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह संकर निर्धारक वृद्धि प्रकृति वाला है, जिसके फल गहरे लाल रंग और सख्त बनावट के होते हैं। इसके फलों का औसत वजन 90 से 100 ग्राम तक होता है तथा इसकी उत्पादन क्षमता 800 से 900 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है।

उन्होंने संस्थान द्वारा विकसित अन्य उन्नत प्रजातियों और संकरों का भी उल्लेख किया, जिनमें भिंडी की ‘काशी सहिष्णु’ तथा मटर की ‘काशी तृप्ति’ और ‘काशी अगेती’ प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान की तकनीकों और प्रजातियों पर देशभर की बीज कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

रियल एग्री क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से उत्तर विभाग के विपणन एवं विक्रय प्रमुख अरविंद कृष्णावत ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि आईआईवीआर के साथ यह साझेदारी कंपनी के लिए लाभकारी साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने वैज्ञानिकों के साथ तकनीकी विषयों पर भी चर्चा की।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एबी सिंह, डॉ. डीपी सिंह, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. सुदर्शन मौर्य, डॉ. त्रिभुवन चौबे, डॉ. जेके तिवारी तथा डॉ. वाईएस रेड्डी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. इन्दीवर प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नीरज सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा