मुरादाबाद : घर के बाथरूम में घुसा तेंदुआ
-पीलीभीत टाइगर रिजर्व से आई टीम तेंदुए का किया रेस्क्यू
मुरदाबाद, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में हरथला स्थित गंगा मंदिर के पास घनी आबादी के बीच एक घर में शुक्रवार सुबह तेंदुआ घुस गया। घर में मौजूद लोगों से संयम बरतते हुए तेंदुए को घर के बाथरूम में बंद कर दिया और भागकर अपनी जान बचाई। सूूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ पूरे घर को सील कर दिया और पीलीभीत टाइगर रिजर्व से आई टीम तेंदुए का रेस्क्यू किया।
हरथला निवासी मेघराज प्रजापति ने बताया कि आज सुबह छह बजे उनके घर में सब सो रहे थे। इसी दौरान घर के अंदर कुछ आहट महसूस हुई। जब उन्होंने देखा तो बाथरूम में एक तेंदुआ बैठा था। बिना देर किए परिवार ने बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और थना सिविल लाइंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद टीम ने पूरे घर को सील कर दिया। तेंदुए का रेस्क्यू कराने के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व से टीम बुलाई। टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया।
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी ग्रीश श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पूरे घर को सील करने के बाद काफी सावधानी से तेंदुए का रेस्क्यू किया। तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

