उप्र विधान परिषद की 16 समितियों के सभापति नामित
- वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न समितियों के सभापति/कार्यकारी सभापति का हुआ नामांकन
लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विभिन्न समितियों के लिए वर्ष 2026-27 के लिए सभापति/कार्यकारी सभापति नामित कर दिए गए हैं। विधान परिषद के सभापति द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रक्रिया तथा कार्य-संचालन नियमावली, 1956 के नियम-75(1) व 76 के अंतर्गत गठित सदन की समितियों के लिए यह नामांकन किया गया है।
विधान परिषद सचिवालय की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार नियम पुनरीक्षण समिति का सभापति डॉ. के. पी. श्रीवास्तव, विशेषाधिकार समिति का मानवेन्द्र सिंह, याचिका समिति का डॉ. सुधीर गुप्ता, आश्वासन समिति का शाहनवाज खान, वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति का प्रांशु दत्त द्विवेदी, प्रश्न एवं संदर्भ समिति का बहोरन लाल मौर्य, संसदीय अध्ययन समिति का राज बहादुर सिंह चन्देल तथा संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति का सभापति अनूप कुमार गुप्ता को नामित किया गया है।
इसी प्रकार विधान मण्डल सदस्यों के आवासीय परिवाद सम्बन्धी जांच समिति के सभापति अविनाश सिंह चौहान, विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायतों एवं नगर निगमों में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने/जांच किये जाने सम्बन्धी समिति के सभापति जितेन्द्र सिंह सेंगर तथा प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था सम्बन्धी जांच समिति के सभापति ओम प्रकाश सिंह को नामित किया गया है।
इसके साथ ही विनियमन समीक्षा समिति का सभापति सुभाष यदुवंश, विधायी समाधिकार समिति का मुकुल यादव, दैवीय आपदा प्रबन्धन जांच समिति का श्याम नारायण सिंह तथा शिक्षा का व्यवसायीकरण सम्बन्धी जांच समिति का सभापति ऋषिपाल सिंह को बनाया गया है।
खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं के प्रचलन से जनजीवन की स्वास्थ्य समस्याओं पर रोकथाम के लिए समिति के सभापति के रूप में विजय शिवहरे को नामित किया गया है। इस प्रकार वर्ष 2026-27 के लिए विधान परिषद की कुल 16 समितियों के सभापति/कार्यकारी सभापति नामित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

