विद्यार्थियों को कानून और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
फिरोजाबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को किड्स कॉर्नर हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
प्राविधिक स्वयं सेविका कल्पना राजौरिया ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, बच्चों के साथ होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, महिलाओं के अधिकार तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत तथा 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा सकता है।
स्कूल डायरेक्टर मयंक भटनागर ने भी विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सभी को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इस दौरान अश्वनी राजौरिया ने भी छात्रों को जानकारियां दी। पराविधिक स्वयं सेवक प्रीति और तान्या भी उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों ने कल्पना राजौरिया से विधिक विषयों से संबंधित सवाल पूछे, जिनका सरल भाषा में समाधान बताया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

