मीरजापुर : एसडीएम की कार्यशैली से नाराज अधिवक्ताओं ने लालगंज तहसील में किया प्रदर्शन
मीरजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज तहसील में गुरुवार दोपहर अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी की कार्यशैली से नाराज होकर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने परिसर में नारेबाजी की और एसडीएम पर मनमानी करने का आरोप लगाया।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि धारा 76 के तहत असंक्रमणीय से संक्रमणीय भूमिधर घोषित करने से संबंधित सैकड़ों पत्रावलियां एसडीएम न्यायालय में लंबित हैं। इसके बावजूद अब तक एक भी पत्रावली का निस्तारण नहीं किया गया। कागज दुरुस्ती से संबंधित पत्रावलियां भी लंबित होने की बात कही गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि इससे वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं के अनुसार, उपरौंध अधिवक्ता समिति की आवश्यक बैठक के बाद न्यायालय के कार्य में सहयोग नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद एसडीएम द्वारा न्यायालय में पत्रावलियों की सुनवाई किए जाने से अधिवक्ता नाराज हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में उमाशंकर सिंह पटेल, कैलाशपति त्रिपाठी, चंद्र त्रिपाठी, बालकृष्ण मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, अनिल शुक्ला, प्रभुनाथ दुबे, प्रभाकर द्विवेदी, प्रदुम कुमार दुबे, विपिन तिवारी, शिवम पांडेय, राजकुमार पांडेय, राकेश कुमार दुबे, अनिल कुमार दुबे, संतोष कुमार मिश्रा और अशोक कुमार मिश्रा समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

