राष्ट्रीय स्तर पर खीरी की गूंज, संपूर्णता अभियान में दोहरी उपलब्धि
लखीमपुर खीरी, 27 फ़रवरी (हि.स.)। विकास की दौड़ में उत्तर प्रदेश का लखीमपुर खीरी जिला ने ऐसा परचम लहराया कि राष्ट्रीय पटल पर उसकी गूंज सुनाई दी। जुलाई से सितंबर 2024 के बीच चले संपूर्णता अभियान में जिले के बांकेगंज और धौरहरा ब्लॉक ने प्रदर्शन की नई इबारत लिख दी। उत्कृष्ट कार्य के लिए नीति आयोग ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया है।
बांकेगंज ब्लॉक ने ‘हेल्थ एंड न्यूट्रिशन’, ‘एग्रीकल्चर एंड अलाइड सर्विसेज़’ और ‘एस्पिरेशनल ब्लॉक्स प्रोग्राम के तहत सोशल डेवलपमेंट’ थीम में तीन प्रमुख इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत सैचुरेशन हासिल कर प्रशासनिक चुस्ती का परिचय दिया। जमीनी निगरानी, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने की रणनीति ने ब्लॉक को मॉडल बना दिया।
धौरहरा ब्लॉक ने तो रफ्तार को और तेज कर दिया। यहां छह इंडिकेटर्स पर सैचुरेशन हासिल कर विकास के पैमाने पर नई लकीर खींच दी गई। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच, पोषण सुधार की ठोस पहल और कृषि योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधी पहुंच ने नतीजे को असरदार बनाया।
टीमवर्क की जीत, नेतृत्व की मिसाल
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने सीडीओ अभिषेक कुमार की मौजूदगी में बांकेगंज के बीडीओ ऋषिकांत अहिरवार और धौरहरा के तत्कालीन बीडीओ सुमित कुमार सिंह (वर्तमान में बीडीओ फूलबेहड़) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जिलाधिकारी ने साफ कहा कि यह सम्मान किसी एक अधिकारी का नहीं, बल्कि उस पूरी टीम का है जिसने लक्ष्य को मिशन बना लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संपूर्णता अभियान ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्लानिंग सटीक हो, मॉनिटरिंग लगातार हो और टीम में समन्वय हो, तो मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी तय समय में हासिल किए जा सकते हैं। इस दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता और विभागों के बीच समन्वय ने अभियान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनकी मेहनत और दृष्टिकोण ने टीम को हमेशा प्रेरित रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

