home page

लखीमपुर खीरी के गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए 5.34 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ

 | 
लखीमपुर खीरी के गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए 5.34 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ


पलिया विधायक रोमी साहनी ने किया शुभारंभ, मिलेगी बाढ़ से सुरक्षा

लखीमपुर खीरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में ब्लॉक बिजुआ क्षेत्र के सात गांवों को शारदा नदी की बाढ़ से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए 5.34 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा परियोजना का शुभारंभ हवन पूजन के साथ पलिया भाजपा विधायक रोमी साहनी ने शुक्रवार को किया। इस परियोजना से कचनारा, मटेहिया, दौलतापुर बोझवा, मझौरा, जमुनहा और ढकिया सहित कुल सात गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, शारदा नदी के कटान से रेलवे लाइन और मुख्य सड़क को भी सुरक्षा मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक रोमी साहनी ने बताया कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से लंबित मांग थी जो शासन द्वारा पूरी कर दी गई है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद तुरंत काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मानक के अनुरूप काम न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में शारदा नदी में उफान आने से इन गांवों में कटान और जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे फसलें नष्ट हो जाती थीं और आवागमन बाधित हो जाता था।

इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने परियोजना शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विधायक का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद उन्हें हर साल बाढ़ से मुक्ति मिल जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव