नेपाल में भूस्खलन से बाढ़ का खतरा, कुशीनगर अलर्ट, खड्डा और तमकुहीराज में विशेष सतर्कता
कुशीनगर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी क्षेत्र में भूस्खलन से बूढ़ी गंडकी नदी का प्रवाह बाधित होने और अचानक बाढ़ की स्थिति बनने की सूचना के बाद उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अपर जिलाधिकारी पवन कुमार ने सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड को वाल्मीकि नगर बैराज के जलस्तर व डिस्चार्ज की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को हर महत्वपूर्ण सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने खड्डा और तमकुहीराज तहसील प्रशासन को नदी किनारे बसे गांवों, आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। तटबंधों और कमजोर स्थलों का नियमित निरीक्षण कर जरूरी सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला पंचायतराज अधिकारी को अपने-अपने विभागों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय कर्मचारियों को जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की आशंका से जुड़ी सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने को कहा गया है।
अपर जिलाधिकारी पवन कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। जलस्तर में वृद्धि या किसी अप्रत्याशित स्थिति की जानकारी जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को तुरंत देनी होगी, ताकि समय रहते बचाव और राहत संबंधी कदम उठाए जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

