विंध्याचल में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी शुरू, स्वदेशी उत्पादों पर छूट
मीरजापुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के अवसर पर विंध्याचल धाम स्थित बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की लघु प्रदर्शनी शुरू हुई। सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने इसका उद्घाटन किया। प्रदर्शनी 18 अक्टूबर तक चलेगी।
प्रदर्शनी में बोर्ड से वित्तपोषित इकाइयों और उद्यमियों के स्वदेशी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इनमें खादी के वस्त्र, शर्ट, साबुन, अगरबत्ती, बांस से बने सामान, अचार, मुरब्बा, नेचुरल इंडिया के उत्पाद और कंबल शामिल हैं। विभिन्न उत्पादों पर विशेष छूट भी दी जा रही है।
उद्घाटन के दौरान विधायक रत्नाकर मिश्र ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, उद्यमियों की बिक्री बढ़ाना और लोगों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर महेश कुमार, पवन कुमार, दीपचंद, बृजेश, प्रतिभा, मंजू सहित विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

