कौशांबी में बाइक टक्कर के विवाद में मारपीट व तीन राउंड फायरिंग, दाे सगे भाई घायल
कौशांबी, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर कस्बे में शनिवार रात आठ बजे बाइक में टक्कर मारने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर दो सगे भाइयों से मारपीट की। इसके बाद तमंचे से तीन राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक गोली बड़े भाई की जांघ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए।
आजाद नगर निवासी मोइन उद्दीन (19) के मुताबिक, वह शनिवार रात करीब आठ बजे बाजार से बाइक लेकर घर लौट रहा था। मदरसे के पास एक युवक छेड़खानी कर रहा था। इसी दौरान आरोपित ने बाइक दौड़ाते हुए मोइन की बाइक में टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपित ने अपने साथियों को बुला लिया। शोर सुनकर मोइन का बड़ा भाई मोइस उद्दीन (23) मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी बीच एक युवक ने तमंचे से तीन राउंड फायर कर दिए। एक गोली मोइस की जांघ में लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपिताें की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

