home page

काशी विश्वनाथ धाम के अन्नपूर्णा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तों को वितरित किया गया खजाना प्रसाद

 | 
काशी विश्वनाथ धाम के अन्नपूर्णा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तों को वितरित किया गया खजाना प्रसाद


वाराणसी, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन और खजाना प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और अन्न-धन का आशीर्वाद पाने के लिए उत्साहित नजर आए।

धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के दर्शन और खजाना प्रसाद प्राप्त करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। इसी आस्था के चलते सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर न्यास के अनुसार, इस विशेष अवसर पर मां अन्नपूर्णा का भव्य शृंगार किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन एवं खजाना प्रसाद वितरित किया गया।

मान्यता है कि धनतेरस के दिन मां अन्नपूर्णा का खजाना प्रसाद प्राप्त करने से घर में सुख-समृद्धि और अन्न-धन की वृद्धि होती है। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से सुगम दर्शन, सुरक्षा और व्यवस्थित आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए गए। पूरे मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। धनतेरस के अवसर पर मां अन्नपूर्णा के दरबार में उमड़ी आस्थावानों की भीड़ ने काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा की भव्य झलक प्रस्तुत की।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी