काशी रेलवे स्टेशन के विकास कार्य में अवरोध बन रही गंज शाहिदा मस्जिद होगी जमींदोज
वाराणसी, 16 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विकास कार्य में अवरोध बन रही अंजुमन इंतजामिया की गंज शाहिदा मस्जिद को उत्तर रेलवे का वाराणसी प्रशासन जमींदोज करने की तैयारी कर चुका है। उत्तर रेलवे की ओर से मस्जिद की दीवार पर एक नोटिस चस्पा कर दी गई है और मस्जिद कमेटी को 20 जून तक का समय दिया गया है। उस अवधि के बाद मस्जिद को जमींदोज कर दिया जाएगा।
उत्तर रेलवे के अधिकारी समर्थ गुप्ता ने कहा कि रेलवे की भूमि पर बना अवैध मस्जिद विकास कार्य में बाधा बन रहा है। इस कारण से गंज शाहिदा मस्जिद को गिराया जाएगा। मस्जिद से संबंधित मुकदमा 2024 में खारिज किया जा चुका है। मस्जिद पर नोटिस चस्पा कर दी गई है, 20 जून के बाद रेलवे प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करेगी।
इससे पहले भी काशी रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन ने रातों रात कार्रवाई करके एक मस्जिद और कब्रिस्तान को साफ कर दिया था। इसके बाद काशी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नम्बर चार का काम तेजी से चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

