home page

काशी रेलवे स्टेशन विस्तारीकरण में फंस रही जमीन मामले में अधिकारी से पीड़ित लोगों की वार्ता विफल

 | 
काशी रेलवे स्टेशन विस्तारीकरण में फंस रही जमीन मामले में अधिकारी से पीड़ित लोगों की वार्ता विफल


वाराणसी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में चौकाघाट स्थित विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय में गुरुवार को काशी रेलवे स्टेशन विस्तारीकरण में फंस रही जमीन मामले में अधिकारी और पीड़ित लोगों की वार्ता विफल रही। वार्ता से कोई निष्कर्ष न निकलने पर पीड़ितों ने

दुख प्रकट किया।

काशी रेलवे स्टेशन के निकट भदऊ ग्राम के अंतर्गत निवासी हरिश्चंद्र उपाध्याय, विनोद शुक्ला, अरुण कुमार सहित आठ लोगों ने बताया कि काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में उनके मकानों को गिराने को लेकर नोटिस मिला है। वह अपने मकान बचाने के लिए आज विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय आये थे। कार्यालय में उन्हें बताया गया है कि वह मुआवजा लेकर जगह छोड़ दें। उन्होंने बताया कि हमारी जमीन का मुआवजा मात्र 86 लाख ही तय किया गया है। जिसमें प्रति व्यक्ति तीन या चार लाख मुआवजा ही मिल सकेगा। फिलहाल बातचीत में कोई निष्कर्ष निकलता नहीं दिख रहा है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय में वार्ता विफल रही।

कज्जाकपुरा मोहल्ले के निवासी हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि वे सभी अंग्रेजों के समय से रह रहे हैं। उनके मकान गिरा दिए जाएंगे तो फिर वह रहने के लिए कहां जाएंगे। एक मकान बनाने में लाखों रुपये खर्च होते हैं और उनको मुआवजा में मात्र तीन चार लाख रुपये ही मिलेंगा। ऐसे में वह नया मकान भी नहीं बनवा पाएंगे। आगे वह फिर से अधिकारी से वार्ता का प्रयास करेंगे, नहीं तो न्यायालय की शरण में जाएंगे।

विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी अरविंद ने दो टूक कहा कि वार्ता से ही कोई निर्णय हो पाएगा। कज्जाकपुरा के लोगों से आगे फिर वार्ता की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा काशी रेलवे स्टेशन के नवनिर्माण और विस्तार के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए भदऊ ग्राम की जमीन (वर्तमान में कज्जाकपुरा क्षेत्र का हिस्सा) को अधिग्रहण करने की तैयारी चल रही है। इस जमीन पर पहले से मकान बनाकर रह रहे लोगों ने नोटिस मिलने पर आपत्ति जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद