भाजपा के सह प्रभारी ने किया काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक
वाराणसी, 07 सितम्बर (हि. स.)। जिले के रोहनिया स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय कार्यालय में काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व उप्र सह-प्रभारी जगदीश पटेल ने आगामी कार्यक्रमों पर अपनी बातों को रखते हुए पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाया।
बैठक की शुरुआत उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष व काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ कृतिका अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा तथा काशी क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में भाजपा के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि हम सब मिलकर सेवा, सहयोग और संवाद के पथ पर अग्रसर होकर 2027 में पुनः प्रचंड बहुमत से विकास का कमल खिलाएंगे। उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और चेतना से भाजपा की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व उप्र सह-प्रभारी जगदीश पटेल ने आगामी कार्यक्रमों पर अपनी बातों को रखा। जगदीश पटेल ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों में हमें पूरे मनोयोग से कार्य करना है। जैसा अभी तक हमने कार्य किया है, आगे भी उसी तरह से डटे रहना है। कमल का फूल उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से खिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

