home page

कन्या जन्मोत्सव में बेटियों का स्वागत, अभिभावकों को किया सम्मान

 | 
कन्या जन्मोत्सव में बेटियों का स्वागत, अभिभावकों को किया सम्मान


मीरजापुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण के तहत जिला महिला अस्पताल में महिला कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से शनिवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव पल्लवी सिंह ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई, जिसके बाद नवजात बच्चियों के साथ केक काटकर उत्सव मनाया गया। बच्चियों के अभिभावकों को बेबी किट व बधाई पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पल्लवी सिंह ने बेटियों को “घर की रौनक और खुशियों का खजाना” बताते हुए अभिभावकों को बधाई दी।

प्रभारी महिला चिकित्सालय डॉ. वंदना मौर्या ने जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं जिला मिशन कोऑर्डिनेटर डॉ. मंजू यादव ने महिला व बालिका हित की योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना व मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नवजात बच्चियों के नाम पर सांकेतिक पौधरोपण भी कराया गया, जिसमें अभिभावकों को बच्चियों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ व अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा