home page

पोषण अभियान से बच्चों को बेहतर पोषण और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में मिलेगी मदद : नीलिमा कटियार

 | 
पोषण अभियान से बच्चों को बेहतर पोषण और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में मिलेगी मदद : नीलिमा कटियार


कानपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच से पोषण अभियान को नई दिशा मिली है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के कार्यक्रम बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के साथ सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह बातें कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नीलिमा कटियार ने बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में कहीं। कानपुर जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों के सापेक्ष 256 कार्यकत्रियों का पारदर्शी चयन किया गया है।

कार्यक्रम में कल्याणपुर क्षेत्र की चार नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ शहर द्वितीय क्षेत्र की राधा देवी, वर्षा साहू, ज्योति, कल्पना सविता, सरिता कुशवाहा तथा शहर प्रथम क्षेत्र की रश्मि गौतम, अल्क्षा युनुस, पुष्पांजलि, पूजा और श्वेता को नियुक्ति पत्र दिए गए।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि जब प्रथम राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ हुआ था, तब उन्होंने प्रदेश में पोषण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। उन्होंने कहा कि नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के व्यापक स्वरूप को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से पोषण अभियान को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाओं की जानकारी भी दी गई। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 4000 रुपये की वृद्धि कर कुल 12,000 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 2,000 रुपये की वृद्धि कर कुल 6,000 रुपये किए जाने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा फ्रंटलाइन कर्मियों के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने और वर्ष में दो के स्थान पर तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजे जाने की घोषणा की गई है।

नौ सितंबर से आठ अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह की इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। अभियान के तहत आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर गरम एवं ताजा पका भोजन, आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों की सक्रियता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं के पंजीकरण पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर विकास भवन से पोषण रैली भी निकाली गई।

कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों नीलम शर्मा, विमला कुशवाहा और गीता कश्यप को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन कार्यकत्रियों ने एसएएम बच्चों की स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई गतिविधियों और आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन में सराहनीय कार्य किया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के निर्देशन में हुआ। इस दौरान परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप