जल निगम की लापरवाही नहीं चलेगी, एफआईआर दर्ज कराऊंगा: विधायक
कानपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। जनता को परेशान करने वाली लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि मरम्मत कार्य में देरी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
यह बातें गुरुवार को गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने डबल पुलिया के नीचे मेट्रो कार्य शुरू होने से पहले खुदाई के दौरान टूटी जल निगम की मुख्य पाइपलाइन का जायजा लेने के दौरान कहीं। डबल पुलिया के नीचे मेट्रो परियोजना से पहले चल रहे खुदाई कार्य के दौरान जल निगम की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से तेज फव्वारे के साथ बड़ी मात्रा में पानी बह निकला और आसपास के इलाके में जलभराव हो गया। सूचना मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
विधायक ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था और जल निगम की तकनीकी टीम की लापरवाही से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। उनका कहना था कि पाइपलाइन टूटने के बाद संबंधित कर्मचारी उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। उन्होंने तत्काल लाइन बंद कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि इस मुख्य पाइपलाइन से शास्त्री नगर, विजय नगर, दादा नगर, सेवाग्राम कॉलोनी, विवेकानंद नगर, गड़रियापुरवा, फजलगंज, सीटीआई नहर बस्ती, नहर कोठी और नौरैया खेड़ा समेत कई इलाकों के डेढ़ लाख से अधिक लोगों को पेयजल आपूर्ति होती है। पाइपलाइन टूटने से जलापूर्ति प्रभावित होने के साथ कई घरों में पानी घुस गया और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान विधायक ने जल निगम के मुख्य अभियंता से फोन पर बात कर तत्काल अधिकारियों को मौके पर भेजने और युद्धस्तर पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही जारी रही तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर जल्द पानी की निकासी और समस्या के समाधान का भरोसा भी दिलाया। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा जनता को बिना किसी परेशानी के बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त होने तथा प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी होने तक वह पूरे मामले की निगरानी करते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

