अस्पताल का निरीक्षण कर जिलाधिकारी का निर्देश— कमियां मिलने पर तत्काल सुधारें
कानपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर में मरीजों को आवश्यक जांच, दवा और उपचार समय से उपलब्ध कराया जाए। अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी या संसाधनों का अभाव सामने आए तो उसे तत्काल चिन्हित कर दूर कराया जाए।
यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दिए। जिलाधिकारी ने पर्चा वितरण कक्ष, ओपीडी, मरीज प्रबंधन व्यवस्था, दवा उपलब्धता, जांच केंद्र और लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या और उनके उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। लैब और जांच केंद्र का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों की आवश्यक जांच समय से हो और रिपोर्ट मिलने के बाद उपचार शुरू करने में अनावश्यक देरी न हो।
निरीक्षण से पहले जिलाधिकारी ने रामादेवी स्थित अस्पताल से एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए घर और आसपास साफ-सफाई रखना तथा पानी जमा न होने देना जरूरी है। बुखार या बीमारी से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क जांच व उपचार कराएं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित विभागों की टीमें लोगों को जागरूक करेंगी और साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा रोगों की समय से पहचान पर विशेष ध्यान देंगी।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत चिकित्सक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

