home page

लखनऊ कान्हा उपवन को मिला जीएमपी प्रमाण पत्र

 | 
लखनऊ कान्हा उपवन को मिला जीएमपी प्रमाण पत्र


लखनऊ, 01 मार्च (हि.स.)। लखनऊ नगर निगम द्वारा निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के लिए संचालित नादरगंज-अमौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर उत्कृष्ट व्यवस्थाएं बनाए रखने के कारण कान्हा उपवन को आईएसओ 9001:2015 प्रमाण पत्र के बाद अब गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (जीएमपी) प्रमाण पत्र प्रदान किया है।

यह प्रमाण पत्र अंतरराष्ट्रीय मानक संगठन ने गौशाला की व्यवस्थाओं, प्रबंधन प्रणाली तथा अभिलेखों के विस्तृत निरीक्षण के बाद दिया। इसके लिए फरवरी माह में आवेदन किया गया था, जिसके बाद विशेषज्ञ टीम ने पिछले महीने स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। गुणवत्ता पूर्ण प्रबंधन प्रणाली को ध्यान में रखते हुए कान्हा उपवन को यह सम्मान मिला है।

कान्हा उपवन की स्थापना वर्ष 2012 में तत्कालीन महापौर एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने की थी। लखनऊ नगर निगम समय-समय पर इसका विस्तार और सौंदर्यीकरण कराता रहता है। वर्तमान महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव और पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी। नगर निगम क्षेत्र में घायल, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को निरंतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने जैसी बड़ी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाते हुए गौशाला ने यह मुकाम हासिल किया है।

कान्हा उपवन गौशाला आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है। यहां गोवंश से प्राप्त गोबर का उपयोग बायो-सीएनजी उत्पादन में किया जा रहा है। वहीं दूध को कर्मचारियों के बच्चों में वितरण के बाद शेष दूध की बिक्री की जाती है, जिससे नगर निगम को प्रतिमाह लगभग तीन लाख रुपये की आय प्राप्त होती है। इसके अलावा गौपालकों के बच्चों के लिए कान्हा उपवन विद्यालय के माध्यम से निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की गई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक