home page

जौनपुर में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, तीन दिन बाद तापमान में गिरावट

 | 
जौनपुर में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, तीन दिन बाद तापमान में गिरावट


जौनपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविवार दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई बारिश से शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था। इससे पहले 2 जुलाई की बारिश के बाद मौसम में कुछ राहत मिली थी, लेकिन बारिश थमने के बाद फिर से गर्मी और उमस बढ़ने लगी थी। रविवार सुबह तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के बीच धूप-छांव का सिलसिला चला और फिर बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस था। बारिश के बाद आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव