जौनपुर में गूंजे देशभक्ति के नारे, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश
जौनपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर में गुरुवार काे हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली सद्भावना पुल से शुरू होकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन के सामने शहीद क्रांति स्तंभ तक पहुंची। इस आयाेजन में उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
रैली से पूर्व सद्भावना पुल पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘हर घर तिरंगा’ की आकर्षक आकृति बनाई। इसके बाद सफेद टी-शर्ट और शर्ट पहने प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ रैली का शुभारंभ हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर शहीद/क्रांति स्तंभ पर और सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को नमन किया गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त क्रांति दिवस से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य वीर सपूतों के त्याग, तपस्या, वीरता और बलिदान को स्मरण करना है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस और गोष्ठी तथा 15 अगस्त को ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा। जनपद में करीब 5 लाख 51 हजार तिरंगे घरों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, गौरव और कर्तव्यबोध को मजबूत करने का अभियान है। इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

