home page

परीक्षा ड्यूटी में शिक्षक से अभद्रता का आरोप, शिक्षकों ने एसडीएम के निलंबन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

 | 
परीक्षा ड्यूटी में शिक्षक से अभद्रता का आरोप, शिक्षकों ने एसडीएम के निलंबन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


जौनपुर, 15 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में रविवार को टी.डी. लॉ कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी के दौरान एक शिक्षक से कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में सोमवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने एसडीएम केराकत सुनील कुमार पर टीडी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन और सार्वजनिक माफी की मांग की।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और तिलकधारी सिंह महाविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में दर्जनों शिक्षकों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 14 जून को टी.डी. लॉ कॉलेज में आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025) के दौरान एसडीएम सुनील कुमार ने राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत कुमार त्रिवेदी के साथ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जेल भेजने की धमकी दी तथा धक्का-मुक्की भी की।

शिक्षक संघों का कहना है कि यह केवल एक शिक्षक का नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के सम्मान और गरिमा का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात शिक्षक के साथ ऐसा व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों से संयमित और मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षक प्रतिनिधियों ने एसडीएम सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा डॉ. प्रशांत कुमार त्रिवेदी और शिक्षक समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की मांग की। शिक्षकों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की भी मांग उठाई। इस दौरान काफी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव