home page

तकनीकी परिवर्तन सामाजिक संरचना संस्कृति मूल्यों को प्रभावित करता है : प्रो हरिओम

 | 
तकनीकी परिवर्तन सामाजिक संरचना संस्कृति मूल्यों को प्रभावित करता है : प्रो हरिओम


तकनीकी परिवर्तन सामाजिक संरचना संस्कृति मूल्यों को प्रभावित करता है : प्रो हरिओम


जौनपुर, 06 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक संगोष्ठी बुधवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के डिजिटल अधिगम: अवसर, चुनौतियाँ एवं प्रभाव पर शुरु हुई । संगोष्ठी के अंतर्गत आयोजित विभिन्न तकनीकी सत्रों में 150 से अधिक शोध-पत्रों का वाचन किया गया, जिनमें डिजिटल लर्निंग, कक्षा शिक्षण में आईसीटी एकीकरण, फ्रेमवर्क, एडाप्टिव लर्निंग, गेमीफिकेशन, तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित शिक्षण जैसी उभरती प्रवृत्तियों पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्रो. एस. के. वर्मा विभागाध्यक्ष, जन्तु विज्ञान ने प्रौद्योगिकी की अनिवार्यता एवं उसके बहुआयामी प्रभावों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने विशेष रूप से यह रेखांकित किया कि जहाँ तकनीक ने शिक्षा को अधिक सुलभ, सशक्त एवं व्यापक बनाया है, वहीं इसके अति-निर्भर उपयोग से मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक संबंधों एवं संवादात्मकता पर प्रतिकूल प्रभाव भी दृष्टिगोचर हो रहा है।

विशिष्ट वक्ता के रूप में प्रो. हरिओम त्रिपाठी विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र विभाग ने शिक्षा, समाज एवं प्रौद्योगिकी के अंतर्संबंधों को अत्यंत सारगर्भित उदाहरणों एवं संदर्भों के माध्यम से स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि तकनीकी परिवर्तन केवल शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक मूल्यों एवं मानवीय अंतःक्रियाओं को भी गहराई से प्रभावित कर रहा है।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रो. सुधांशु सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि तकनीकी आधारित शिक्षा भविष्य के शैक्षिक परिदृश्य को दिशा प्रदान करेगी, अतः शिक्षकों को समयानुकूल दक्षताओं से सुसज्जित होना अनिवार्य है। प्रो. अजय कुमार दुबे ने शिक्षक शिक्षा में टेक्नो-पैडागोजिकल स्किल्स के विकास को केंद्रीय महत्व प्रदान करने पर बल दिया। संचालन डॉ. प्रशान्त कुमार पाण्डेय ने किया । संयोजिका प्रो. श्रद्धा सिंह ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आयोजन सचिव डॉ. अरविन्द कुमार सिंह, डॉ. राय साहब यादव, डॉ. निधि सिंह, डॉ. अंजू श्रीवास्तव उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव