home page

जौनपुर में दो परियोजनाओं में 279.64 लाख की स्वीकृति, मंदिर विकास व गौशाला निर्माण को मिलेगी रफ्तार

 | 
जौनपुर में दो परियोजनाओं में 279.64 लाख की स्वीकृति, मंदिर विकास व गौशाला निर्माण को मिलेगी रफ्तार


जौनपुर, 26 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के विकास और सांस्कृतिक उत्थान को गति देने के उद्देश्य से नगर विधायक एवं खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 279.64 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कराई है। इन परियोजनाओं में धार्मिक स्थल के विकास के साथ-साथ निराश्रित पशुओं के संरक्षण की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है।

पहली परियोजना ‘वंदन योजना’ के तहत मियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर के विकास के लिए 113.75 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। गोमती तट पर स्थित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। लंबे समय से स्थानीय लोग मंदिर के जीर्णोद्धार और सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहे थे, जिसे अब स्वीकृति मिलने से जल्द पूरा किया जाएगा।

दूसरी प्रमुख परियोजना के तहत 165.89 लाख रुपये की लागत से सदर तहसील के डेरायुसूफ (परगना हवेली) में आधुनिक कान्हा गौशाला का निर्माण किया जाएगा। इस गौशाला में लगभग 500 गौवंशों के रहने के लिए शेड, वेटरनरी क्लिनिक, चारा गोदाम और बायोगैस प्लांट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही गौ-संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने बताया कि इन परियोजनाओं को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वीकृति मिली है, जिससे जौनपुर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस संबंध में गुरुवार को जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के जल्द क्रियान्वयन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव