home page

दूल्हा हत्याकांड के फरार आरोपितों के सरेंडर की आशंका से डरे परिजन, बहन ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

 | 
दूल्हा हत्याकांड के फरार आरोपितों के सरेंडर की आशंका से डरे परिजन, बहन ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार


जौनपुर, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के खेतासराय क्षेत्र में एक मई को हुए चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में फरार आरोपितों के कोर्ट में सरेंडर करने की आशंका से मृतक के परिजन डरे हुए हैं। मृतक की बहन सौम्या बिंद लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर न्याय की मांग कर रही हैं। बुधवार को उन्होंने जिलाधिकारी सैमुअल पाल से मुलाकात कर अपनी चिंता जाहिर की।

सौम्या बिंद ने कहा कि उन्हें भय है कि फरार आरोपित भोले राजभर और प्रदीप बिंद कहीं कोर्ट में सरेंडर न कर दें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुलिस मुठभेड़ में आरोपित रवि यादव मारा गया, उसी तरह अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि आरोपित न्यायालय में आत्मसमर्पण कर देते हैं तो पीड़ित परिवार को वर्षों तक कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मामले को जातीय रंग देने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। रवि यादव के परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को उन्होंने निराधार बताया। सौम्या ने सवाल उठाया कि यदि रवि यादव निर्दोष था तो वह घटना के बाद फरार क्यों था। उन्होंने दावा किया कि रवि यादव पहले भी हत्या की घटना में शामिल रहा था।

उधर, चर्चित हत्याकांड में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें कई जिलों में छापेमारी कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपित प्रदीप बिंद द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट में सरेंडर संबंधी प्रार्थना पत्र दिए जाने की चर्चा है, जबकि भोले राजभर ने जिला न्यायालय में अर्जी दाखिल की है। इसके बाद पुलिस ने निगरानी और तेज कर दी है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपितों तक पहुंचने के लिए नई रणनीति बनाई जा रही है। रवि यादव तक पहुंचने में शामिल टीमों के सदस्यों को अलग-अलग टीमों में शामिल कर दोबारा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में शामिल लोगों पर रासुका और गैंगस्टर की कार्रवाई की भी तैयारी चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव