इनोवा कार की टक्कर से खंभा साे रहे बी-फार्मा छात्र पर गिरा, मौत
जौनपुर, 07 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर-जमुहाई मार्ग पर भकुरा गांव के पास बुधवार आधी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार और असंतुलित इनोवा कार ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर पास में सो रहे एक युवक के सिर पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान जपटापुर गांव निवासी सनी राजभर (22)के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल भकुरा गांव में रहकर बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात वह घर के बाहर दरवाजे पर सोया हुआ था। इसी दौरान आधी रात को हादसा हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह जमुहाई-सिद्दीकपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि कल रात गाड़ी की टक्कर से पोल गिरने से युवक की मौत हुई थी। ग्रामीण आक्रोशित थे लेकिन उनको समझा बुझा कर शांत कराया गया है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

