home page

यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी जदयू, गांव-गांव संगठन मजबूत करने पर जोर

 | 
यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी जदयू, गांव-गांव संगठन मजबूत करने पर जोर


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के कैलहट स्थित एक लॉन में शनिवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विंध्याचल मंडल का सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जदयू उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अपने प्रत्याशियों के साथ लड़ेगी। बिहार में किए गए विकास कार्य और सरकार की उपलब्धियां पार्टी के प्रमुख मुद्दे होंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही बिहार सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने महिला कल्याण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

मंत्री ने आगामी प्रदेश सम्मेलन की सफलता के लिए तहसील स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पार्टी की गतिविधियों को गति देने को कहा।

सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता एसपी सिंह ने की। प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष कल्पनाथ वर्मा और महासचिव सुशील कश्यप ने भी विचार रखे। इस दौरान विंध्याचल मंडल प्रभारी संजय सिंह, प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह, प्रयागराज मंडल प्रभारी हरिशंकर पटेल, सुशील पटेल, अभिषेक कुमार राय, शालिनी सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा