जनसेवा से राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश : ए.के. शर्मा
जौनपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को शाहगंज तहसील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने किया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहगंज विधायक रमेश सिंह समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ए के शर्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता किसी जरूरतमंद के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जिसमें प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ना उनकी प्रमुख प्रेरणाओं में रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है।
मंत्री ने कहा कि शाहगंज में रक्तदान के माध्यम से लोगों ने सेवा और संवेदना का संदेश दिया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संकल्प के साथ समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सुविधाएं सहज, सुगम एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर विधायक रमेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

