home page

जौनपुर : दाे घंटे की बारिश ने शहर को किया जलमग्न, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

 | 
जौनपुर : दाे घंटे की बारिश ने शहर को किया जलमग्न, राहगीरों की बढ़ी परेशानी


जौनपुर : दाे घंटे की बारिश ने शहर को किया जलमग्न, राहगीरों की बढ़ी परेशानी


जौनपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार शाम हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। शाम चार से छह बजे के बीच जिले में करीब 3.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।शहर के रूहट्टा, कालीकुट्टी, ओलंदगंज, पॉलीटेक्निक चौराहा, नईगंज, मछलीशहर पड़ाव और बदलापुर पड़ाव समेत कई इलाकों में सड़क पर पानी जमा हो गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कुछ स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के दौरान प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संपर्क मार्गों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। बारिश थमने के बाद कई स्थानों पर पानी धीरे-धीरे निकलने लगा। जलभराव वाले क्षेत्रों के लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जलभराव की समस्या वाले स्थानों को चिह्नित कर प्रभावी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान करीब 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा में नमी का स्तर 87 से 90 प्रतिशत तक रहने के कारण बारिश के बाद भी उमस बनी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भी जिले में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछार पड़ने की संभावना है।

नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने बताया कि नालों और नालियों की सफाई पूरी तरह करा दी गई है। तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन बारिश रुकने के कुछ ही समय बाद पानी निकल जाता है। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं जाम की स्थिति नहीं है। तेज बारिश के कारण ही कुछ समय के लिए जलभराव की समस्या सामने आई।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव