home page

बेनतीजा रही बैठक,एनएच-233 पर टोल वसूली बंद कराने समेत चार मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन 30 सितंबर को

 | 
बेनतीजा रही बैठक,एनएच-233 पर टोल वसूली बंद कराने समेत चार मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन 30 सितंबर को


-एनएच-233 पर टोल वसूली बंद कराने समेत कई मांगाें को लेकर किसानों की अधिकारियों के साथ हुई बैठक

जौनपुर , 18 सितंबर (हि.स.)। पूर्वांचल किसान संगठन के नेतृत्व में जनपद जौनपुर में वाराणसी - आजमगढ़ मार्ग पर स्थित ढेरही टोल प्लाजा पर 30 सितंबर को प्रस्तावित किसानों के धरना-प्रदर्शन से पहले किसानों और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के बीच शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में किसानों ने अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर टोल वसूली बंद करने समेत अपनी चार प्रमुख मांगें अधिकारियों के सामने रखीं।किसान नेता अजीत सिंह ने बताया कि किसानों ने जिलाधिकारी जौनपुर को ज्ञापन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया था।

इसी क्रम में भू-राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट की पहल पर किसान नेता के नेतृत्व में किसानों और राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीयूष अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने मांग रखी कि अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर टोल टैक्स की वसूली तत्काल बंद की जाए। इसके अलावा किसानों को लंबित 14 वर्षों का ब्याज दिए जाने, सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने तथा अधूरे एवं व्यस्त मार्ग पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री लागू किए जाने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि अधूरे और व्यस्त मार्ग पर बड़े वाहनों के आवागमन से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़े वाहनों के आवागमन पर आवश्यक प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भू-राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से किसानों की मांगों और समस्याओं को उच्च स्तर एवं संबंधित मंत्रालय को पत्र के माध्यम से अवगत कराने तथा आवश्यक कार्रवाई कराने को कहा। किसान नेता ने कहा कि जब तक शासन और संबंधित मंत्रालय से किसानों की मांगों पर ठोस आदेश प्राप्त नहीं होता, तब तक 30 सितंबर 2026 को ढेरही टोल प्लाजा पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि किसानों के अधिकार, सड़क सुरक्षा और अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल वसूली के समाधान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। बैठक में अरविन्द पाण्डेय समेत कई किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र