home page

शैक्षिक गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति और शत-प्रतिशत नामांकन करें : बीएसए

 | 
शैक्षिक गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति और शत-प्रतिशत नामांकन करें : बीएसए


जौनपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को विकासखंड मुंगराबादशाहपुर के समस्त प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक ब्लॉक संसाधन केंद्र के सभागार में हुई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने प्रतिभाग किया।

बैठक में एनबीएमएमसी पोर्टल के आधार पर डेटा विश्लेषण, यू-डायस पोर्टल पर बच्चों का आधार सत्यापन एवं नवीन नामांकन शत-प्रतिशत कराने पर जोर दिया गया। प्रेरणा पोर्टल पर समय-सारिणी और बच्चों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक अधिगम को बढ़ाने पर चर्चा हुई। डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए गए। प्रधानाध्यापकों को प्रेरणा डीबीटी एप पर बच्चों की फोटो अपलोड करने तथा इंस्पायर अवार्ड एवं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कराने के निर्देश दिए गए।

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रार्थना सभा के माध्यम से बच्चों में स्वच्छ आदतों के विकास, मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन वितरण तथा विद्यार्थियों को निपुण बनाने के लिए प्रभावी शिक्षण पर बल दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने एसएचवीआर नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर पंजीकरण, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में अभिभावकों का सहयोग करने तथा लंबित पेंडेंसी का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना की।

उन्होंने प्रत्येक माह अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव