‘सेवा संकल्प अभियान’ : जन भवन के आदर्श माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता कार्यक्रम एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
लखनऊ, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता कार्यक्रम एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
स्वच्छता कार्यक्रम में विशेष सचिव राज्यपाल श्रीप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए विद्यालय परिसर एवं उसके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान विशेष सचिव ने विद्यालय के कक्षों एवं परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों के मध्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 358 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान कबड्डी, खो-खो, टाइम सर्कल, ऑब्सटेकल तथा कंप्लीट सर्कल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का विकास करना है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, परस्पर सहयोग तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर आयोजित स्वच्छता एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। साथ ही, विद्यार्थियों एवं जन भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों के मध्य स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक सहभागिता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

