home page

राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रकरण की जांच के लिए डीएम ने गठित की कमेटी

 | 
राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रकरण की जांच के लिए डीएम ने गठित की कमेटी


उरई, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों एवं तीमारदारों के मध्य हुए विवाद एवं उससे उत्पन्न घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। 18 मई की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में हुए विवाद की जांच हेतु अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद्र मौर्य को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में सह आचार्य एवं विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक मेडिसिन डॉ. पुनीत अवस्थी तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी को सदस्य नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गठित समिति पूरे घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच करेगी। समिति विवाद के कारणों, संबंधित पक्षों की भूमिका, मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उत्तरदायी व्यक्तियों एवं परिस्थितियों का चिन्हांकन करेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, सुरक्षा एवं बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समिति को निर्देशित किया है कि जांच आख्या शीघ्र पूर्ण कर प्रस्तुत की जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि उस रात तीमारदार और चिकित्सकों के बीच मारपीट हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा