home page

दिव्यांगाें के उत्पीड़न, पेंशन और रोजगार की समस्याएं बढ़ीं : वीरेन्द्र कुमार

 | 
दिव्यांगाें के उत्पीड़न, पेंशन और रोजगार की समस्याएं बढ़ीं : वीरेन्द्र कुमार


कानपुर, 03 मई (हि.स.)। दिव्यांगजनों को उत्पीड़न, पेंशन और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का लगातार सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।

यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कही। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क, बगिया गेट नंबर चार में आयोजित समस्या समाधान शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याएं दर्ज कराईं। शिविर में सबसे अधिक शिकायतें दिव्यांग उत्पीड़न, पेंशन न मिलने, रोजगार के लिए ऋण में दिक्कत, आवास योजना का लाभ न मिलने, आय प्रमाण पत्र बनने में देरी और रेलवे यूनिक कार्ड न बन पाने से संबंधित रहीं। दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं विस्तार से बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर संबंधित विभागों तक पहुंचाना है, ताकि समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से समन्वय कर निराकरण कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को यदि किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वह कार्यदिवस में शिविर स्थल पर संपर्क कर सकता है।

शिविर के दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और उन्होंने शिकायतों को दर्ज करने के साथ लोगों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार और रंजीत कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप