home page

जिला जज ने कारागार का किया निरीक्षण,बंदियों से की बात

 | 
जिला जज ने कारागार का किया निरीक्षण,बंदियों से की बात


मीरजापुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जिला न्यायाधीश अनुपम कुमार, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान पुरुष और महिला बैरकों में बंदियों के सामान की जांच कराई गई। तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों के साथ महिला बैरक, जेल अस्पताल और रसोईघर का निरीक्षण किया। रसोई में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता भी देखी। जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने और जरूरत के अनुसार समय से दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को बंदियों को समय से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही बंदियों से कहा कि किसी को विधिक सहायता या सरकारी अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो जेल अधीक्षक के माध्यम से जानकारी दें, ताकि पात्रता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड विजय शंकर गौतम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार द्वितीय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, जेल अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा