सांस्कृतिक रंगों से सराबोर होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो , व्यापार के साथ कला-संस्कृति का बनेगा संगम
लखनऊ, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच देने के लिए इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 व्यापार व कला-संस्कृति का संगम बनने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले इस मेगा आयोजन की हर शाम रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर होगी। इसमें लोक परंपराओं से लेकर सुगम संगीत तक का संगम दिखेगा। शो में देश और प्रदेश के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पांच दिवसीय सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ शंख वादन व स्वस्ति वाचन से होगा। यहां वॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर, लोकगीत गायिका मालविका हरिओम, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र का सितार वादन, भजन गायक ओमप्रकाश दुबे, दिग्गज कोरियोग्राफर- श्रीराम सांखला कलर्स ऑफ इंडिया के रंग बिखेरेंगे। बंदा बैरागी बैंड, सर्वत्र बैंड की प्रस्तुतियां भी आयोजन को यादगार बनाएंगी।
सांस्कृतिक महाकुंभ का भी मिलेगा संदेशयोगी सरकार ने इंटरनेशनल ट्रेड शो को सिर्फ व्यापारिक आदान-प्रदान का मंच ही नहीं, बल्कि समृद्ध लोककलाओं और सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत करने का भी अवसर बनाया है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। पांच दिनों का यह कार्यक्रम राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत दस्तावेज होगा। योगी सरकार ने इंटरनेशनल ट्रेड शो को ऐसा मंच बनाने का प्रयास किया है, जहां उद्यमिता और निवेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति का भी प्रचार-प्रसार हो। यहां लोकधरोहरों की झलक दुनिया के सामने प्रस्तुत होगी, जिससे न सिर्फ स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

