home page

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चंचल यादव ने स्टेडियम में खिलाड़ियों से साझा किए अनुभव

 | 
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चंचल यादव ने स्टेडियम में खिलाड़ियों से साझा किए अनुभव


मीरजापुर, 21 सितंबर (हि.स.)। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत मिनी ग्रामीण स्टेडियम मेडिया, चुनार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केन्या में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 8 विजन 2025-26 में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी चंचल यादव को आमंत्रित किया गया। स्टेडियम में अभ्यासरत खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया।

चंचल यादव ने खिलाड़ियों से अपने खेल सफर और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अनुभव साझा किए। उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखने को खेल में आगे बढ़ने के लिए जरूरी बताया। उन्होंने अपने सामने आई चुनौतियों और उनसे निपटने के अनुभव भी बताए।

उन्होंने कहा कि खेल करियर के शुरुआती दौर में खिलाड़ियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। निरंतर अभ्यास और मेहनत से इन चुनौतियों से पार पाया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।

इसके बाद चंचल यादव ने स्टेडियम के खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट का अभ्यास मैच खेला। इस दौरान उन्होंने खेल से जुड़े अनुभव साझा किए और खिलाड़ियों को तकनीकी पहलुओं से संबंधित सुझाव दिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी के साथ अभ्यास करने का अवसर मिलने से खिलाड़ियों में उत्साह रहा।

कार्यक्रम में युवा खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके अनुभवों से परिचित कराने पर जोर दिया गया। खिलाड़ियों ने चंचल यादव से खेल प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं से जुड़े सवाल भी पूछे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा