home page

मीरजापुर में अंतरप्रांतीय दंगल का आयोजन, खरका हनुमान जयंती मेले में उमड़ी भीड़

 | 
मीरजापुर में अंतरप्रांतीय दंगल का आयोजन, खरका हनुमान जयंती मेले में उमड़ी भीड़


मीरजापुर, 03 नवंबर (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के बबुरा गांव में ठाकुर ब्रह्म नवयुवक सेवा समिति की ओर से मंगलवार को अंतरप्रांतीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें चंदौली के शमशेर सिंह और जौनपुर के निगम यादव के बीच हुई रोमांचक आर-पार की कुश्ती बराबरी पर छूटी। निर्णायकों ने दोनों पहलवानों को संयुक्त विजेता घोषित किया।

वहीं, पंजाब के जुगराज सिंह और कछवां के शमशेर के बीच दो चक्र तक चली कुश्ती में चंदौली के शमशेर ने बाजी मारी। दंगल में आसपास के जिलों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

नगरपालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में पृथ्वीराज सिंह और राजेश पांडेय निर्णायक रहे। संचालन नीलकांत पांडेय ने किया।

इस दौरान दीनानाथ सिंह, धीरेंद्र सिंह, नीलकांत पांडेय, अनिल तिवारी, गुलराज सिंह, मंगलेश्वर मिश्रा, भरत सिंह, संजीव सिंह, राघवेंद्र सिंह और गजेंद्र उर्फ भोला सिंह सहित समिति के सदस्य व्यवस्था में जुटे रहे। खरका हनुमान जयंती के अवसर पर लगे परंपरागत मेले में भी काफी चहल-पहल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा