इंटीग्रेटेड पैक हाउस के संचालन में अनावश्यक देरी न हो : निदेशक
—राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक इंटीग्रेटेड पैक हाउस करखियाव पहुंचे,निरीक्षण
वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को करखियाव स्थित इंटीग्रेटेड पैक हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, निर्माण कार्यों की स्थिति और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निदेशक ने इंटीग्रेटेड पैक हाउस का संचालन तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुविधा का जल्द संचालन होने से संबंधित गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थापित अवस्थापना का निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पैक हाउस के संचालन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में स्थापित सेनेटरी वेयर की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर निदेशक ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
परिसर की आंतरिक सड़कों की सतह संतोषजनक पाई गई, लेकिन सड़क के रास्ते बारिश का पानी परिसर में आने की समस्या सामने आई। निदेशक ने इसे गंभीरता से लेते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि निरीक्षण में सामने आई समस्याओं का तकनीकी परीक्षण कराकर उनके प्रभावी निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, की गई कार्रवाई और प्रस्तावित समाधान की विस्तृत रिपोर्ट 10 दिन के भीतर निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इंटीग्रेटेड पैक हाउस से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कराते हुए इसके संचालन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दी जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

